केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पंजाब को एक बड़ी सौगात दी है। जिसमें सालों से अटका चंडीगढ़-राजपुरा रेलवे ट्रैक अब बनकर तैयार होगा, जिससे मालवा क्षेत्र के लोगों को फायदा होगा। यह ट्रैक फतेहगढ़ साहिब, अंबाला, पटियाला और मोहाली से होकर गुजरेगा। ट्रैक की लंबाई 18 किलोमीटर होगी।
इससे लोगों की परिवहन सुविधा बढ़ेगी।इसके साथ ही, वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी मिल गई है। यह ट्रेन फिरोजपुर से चलेगी। यह जानकारी खुद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। इस मौके पर केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद थे।नई राजपुरा-मोहाली लाइन 18 किलोमीटर लंबी है और इसकी अनुमानित लागत 443 करोड़ रुपये होगी।
इस रेलवे लाइन के निर्माण से चंडीगढ़ समेत पूरे पंजाब के लोगों को फायदा होगा। क्योंकि राजपुरा लाइन बनकर तैयार हो जाने पर सरहिंद, लुधियाना, जालंधर समेत अन्य शहरों और राज्यों में जाना आसान हो जाएगा। पहले यह ट्रेन सीधे अंबाला जाती थी और फिर चंडीगढ़ लौटती थी।अब यह ट्रैक राजपुरा के सराय बंजारा स्टेशन से जुड़ जाएगा।
पहले दोनों स्टेशनों के बीच 66 किलोमीटर की दूरी थी। इससे लोगों की यात्रा की दूरी कम हो जाएगी।केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन फिरोजपुर कैंट से शुरू होकर बठिंडा, धुरी, पटियाला, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र और पानीपत होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। यह 486 किलोमीटर का सफ़र 6 घंटे 40 मिनट में पूरा करेगी। यह ट्रेन बुधवार को छोड़कर हफ़्ते में छह दिन चलेगी।
प्रस्तुत स्लाइड के अनुसार, यह ट्रेन फिरोजपुर कैंट से सुबह 7:55 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:30 बजे दिल्ली पहुँचेगी। इसी तरह, यह दिल्ली से शाम 4:00 बजे रवाना होगी और रात 10:35 बजे फिरोजपुर पहुँचेगी। उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री को भेजा गया है और उनसे इसे शुरू करने का अनुरोध किया गया है।मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले पंजाब को रेल बजट में 225 करोड़ रुपये मिलते थे, जिसे अब बढ़ाकर 5421 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह 24 गुना ज़्यादा है।
इस समय पंजाब में रेलवे का लगभग 25 हज़ार करोड़ रुपये का निवेश है। राज्य में 407 अंडरपास और फ्लाईओवर बनाए गए हैं। इसके अलावा, 30 नए अमृत स्टेशन बनाए जा रहे हैं। हर स्टेशन पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। पंजाब की 1634 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का पूरी तरह से विद्युतीकरण हो चुका है।


