माता वैष्णो देवी की यात्रा फिर से शुरू होने जा रही है। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। कटरा स्थित मां वैष्णो देवी की यात्रा 14 सितंबर से शुरू हो रही है। खराब मौसम और मार्ग की रख-रखाव समस्याओं के कारण अस्थायी रूप से रोक दी गई थी, जिसे अब फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
26 अगस्त को हुए भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हुई थी और कई घायल हुए थे। यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ, जब भारी बारिश के कारण कटरा से मंदिर तक के 12 किलोमीटर मार्ग के लगभग आधे हिस्से में, अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन आया। बोर्ड ने कहा कि यात्रा फिर से शुरू होना श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षित तीर्थयात्रा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।स्थानीय व्यवसायों के लिए भी यात्रा के शुरू होने से राहत की उम्मीद है।
अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों को सलाह दी है कि वे वैध पहचान पत्र साथ रखें, निर्धारित मार्गों का पालन करें और जमीनी कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा और निगरानी के लिए RFID (रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन) आधारित ट्रैकिंग अनिवार्य है।भक्त यात्रा की लाइव अपडेट, बुकिंग सेवाओं और हेल्पलाइन के लिए श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।
बोर्ड ने अस्थायी निलंबन के दौरान श्रद्धालुओं के धैर्य और समझ के लिए उनका धन्यवाद भी किया।स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ समय में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रा मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिससे तीर्थयात्रियों की सुरक्षा जोखिम में थी। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई स्थानों पर बाधित रहा, जिससे संपर्क और यात्रा और मुश्किल हो गई।


