Wednesday, March 4, 2026

Google search engine
HomeCrimeमामला कलिया के घर ग्रेनेड फेंकने का– मनोरंजन कालिया से मिलने पहुंचे...

मामला कलिया के घर ग्रेनेड फेंकने का– मनोरंजन कालिया से मिलने पहुंचे रवनीत बिट्टू, कही ये बात

NRI SANJH JALANDHAR (8 APRIL)

जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर में सोमवार देर रात करीब एक बजे विस्फोट हुआ है। धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर में आतंकी हमले पर राजनीति गरमा गई है। पूरा विपक्ष एकजुट होकर सरकार पर हमलावर हो गया है। वहीं मान सरकार के मंत्री एक्शन लेने की बात कह रहे हैं।

देर रात धमाके के बाद केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू मनोरंजन कालिया का हालचाल जानने के लिए जालंधर पहुंचे। बिट्टू ने कहा कि इस तरह के हमलों से पूरा पंजाब और देश दहल गया है क्योंकि पंजाब ऐसी चीजों से गुजरा है और तब भी इस तरह से ग्रेनेड नहीं फेंके जा रहे थे… मनोरंजन कालिया पंजाब में भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं और रात में उनके गेट पर ग्रेनेड फेंके जाते हैं… राज्य सरकार पूरी तरह से यहां नियंत्रण खो चुकी है, हर दिन पुलिस थानों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं… पंजाब में आतंक का माहौल है… यहां दो ग्रुप बन गए हैं, एक दिल्ली से हैं जो पंजाब में लूट करने आए हैं और दूसरे पंजाब से हैं… आम आदमी पार्टी सिर्फ लूट करने आई है, उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है।

पंजाब और बर्दाश्त नहीं कर सकता

वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि इस तरह के धमाकों की आवृत्ति और नियमितता में वृद्धि हुई है। आश्चर्य है कि क्या ये धमाके पंजाब सरकार के बहरे कानों में कोई आवाज पैदा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को जाग जाना चाहिए, कहीं बहुत देर न हो जाए। पंजाब एक और काला युग बर्दाश्त नहीं कर सकता।

सीएम मान इस्तीफा दें

शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में अराजकता की सारी हदें पार हो गई हैं। पुलिस थानों, पूजा स्थलों पर हमले और बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्तियों को तोड़ने के बाद अब पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के आवास पर ग्रेनेड हमला हुआ है। इन सभी घटनाओं से यह स्पष्ट हो गया है कि आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान स्थिति को संभालने में असमर्थ हैं। मुख्यमंत्री को इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए और तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया के घर पर हुए ग्रेनेड हमले ने एक बार फिर पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पंजाब को बर्बाद करने की एक बड़ी साजिश है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को तुरंत प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। अब मामला आपके नियंत्रण में नहीं है।

लाॅरेंस बिश्नोई ने पाकिस्तान से मिलकर करवाया हमला

वहीं इस मामले में पंजाब सरकार के मंत्री मोहिंदर भगत का बड़ा बयान सामने आया है। भगत मनोरंजन कालिया का हाल चाल लेने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अच्छे माहौल में बातचीत हुई, पुलिस अपना काम कर रही है। पर सच्चाई ये है कि पंजाब में इस तरह की हरकतें लॉरेंस बिश्नोई पाकिस्तान से मिलकर करवा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लॉरेंस बिश्नोई को अहमदाबाद की साबरमती जेल में केंद्र की बीजेपी सरकार द्वारा पूरी सुरक्षा दी जा रही है। ये किसी से छुपा नहीं है कि लॉरेंस के पाकिस्तानियों के साथ संबंध हैं।




RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments