NRI SANJH JALANDHAR (9 JANUARY)
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस महासचिव और गठबंधन समिति के अध्यक्ष मुकुल वासनिक के घर पर हुई बैठक में सीट बंटवारे पर अभी कोई अंतिम फैसला भले ही न हो सका हो, लेकिन दोनों दलों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जताई।
पंजाब की 13 और दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर बंटवारे को लेकर आयोजित की गई थी। आप ने दिल्ली में मजबूत दावेदारी के साथ पांच सीट पर चुनाव लड़ने की मंशा जताई, लेकिन कांग्रेस इस पर सहमत नहीं दिखी।
सूत्रों की मानें तो कांग्रेस को तीन और आप को चार सीटों पर बात बन सकती है। वहीं, पंजाब और चंडीगढ़ में आप ने 50-50 के फॉर्मूले का प्रस्ताव रखा। बैठक के बाद मुकुल वासनिक ने कहा, यह गठबंधन पर प्राथमिक बैठक थी। हम साथ मिलकर चुनावी मैदान में जाएंगे और भाजपा को हराएंगे।
एक-एक सीट पर की चर्चा
वासनिक ने कहा कि करीब ढाई घंटे के दौरान एक-एक सीट पर मंथन किया गया है। उन्होंने बताया कि दोबारा जल्द ही फिर 11 या 12 जनवरी को बैठक हो सकती है, जिसमें सीट बंटवारे पर अंतिम मुहर लग सकती है। आम आदमी पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस को पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, चांदनी चौक सीट देने पर सहमति बन सकती है।


