NRI SANJH JALANDHAR (3 NOVEMBER)
खिंगरा गेट के पास दिवाली की रात दो पक्षों में हुए विवाद के बाद बदमाशों मनु कपूर उर्फ मनु कपूर ढिल्लों व अन्य ने अपने साथियों के साथ शनिवार देर शाम फायरिंग कर दी। जिसमें अली मोहल्ला निवासी ऋषभ उर्फ बादशाह की मौत हो गई। देर रात थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस ने हत्या, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी मनु को उसके साथियों के साथ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
केस में मनु व उसके अन्य साथियों को नामजद किया गया है। आरोपियों ने अपने अवैध हथियार से करीब पांच राउंड फायरिंग की थी। बता दें कि मनु शहर के एक बड़े कांग्रेसी नेता का करीबी है। फायरिंग के बाद आरोपी मनु का घटनास्थल से फरार होने का एक वीडियो भी देर रात सामने आया था। जिसमें वह हाथ में हथियार लेकर फरार होता नजर आया था।
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया था कि हत्या के वक्त मनु का पिता भी मौके पर मौजूद था। ऋषभ बादशाह की मौत के बाद परिवार ने जोहल अस्पताल के बाहर से होशियारपुर हाईवे बंद कर दिया था। बादशाह की मौत के बाद से परिवार का रो रोकर बुरा हाल था। परिवार ने कहा- बादशाह अपने काम से घर वापस लौट रहा था। इस दौरान आरोपियों ने घेर कर वारदात को अंजाम दिया।


