NRI SANJH JALANDHAR (12 OCTOBER)
पंजाब बीजेपी में जल्द ही बड़े बदलाव हो सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को पंजाब बीजेपी के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। मौजूदा पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ को उस पद से हटाया जा सकता है।
दरअसल पिछले कुछ समय से सुनील जाखड़ के इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई थी। जिसके बाद पंजाब बीजेपी में काफी उथल-पुथल मच गई थी। हालांकि बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व ने जाखड़ के इस्तीफे की बात से इनकार किया था। बीजेपी ने अभी तक इस बारे में आधिकारिक तौर पर कोई बयान जारी नहीं किया है। लेकिन बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को जल्द ही पंजाब बीजेपी का प्रधान बनाया जा सकता है।
जाखड़ के इस्तीफे की खबर के बाद से ही पंजाब बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता उनसे नाराज थे। जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। इस बारे में हाईकमान को एक पत्र भी भेजा गया था। जिसमें सुनील जाखड़ को अध्यक्ष पद से हटाने की मांग की गई थी।
बीजेपी नेता गरेवाल बोले- केंद्र लेगी अध्यक्ष पद पर फैसला
पंजाब बीजेपी के वरिष्ठ नेता हरजीत गरेवाल ने कहा- केंद्रीय नेतृत्व सोच विचार कर नए अध्यक्ष के बारे में फैसला लेगा। लेकिन जब तक जाखड़ अध्यक्ष रहेंगे तब तक वे उनके साथ काम करेंगे। हरजीत गरेवाल ने दावा किया कि जाखड़ बीजेपी के साथ बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि कई बार अध्यक्ष पर कार्यकर्ता जल्दबाजी कर देते हैं।




