अमृतपाल सिंह की याचिका पर अगली सुनवाई होगी 28 अगस्त को, हाई कोर्ट ने पंजाब और केंद्र सरकार को नोटिस किया जारी…

NRI SANJH JALANDHAR (31 JULY)

Advertisement
Google search engine

पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की एनएसए मामले को लेकर दाखिल याचिका पर आज अदालत में सुनवाई हुई। इस सुनवाई में हाई कोर्ट ने पंजाब और केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने सरकार से इस याचिका पर जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। अगली सुनवाई अब 28 अगस्त को होगी।

अमृतपाल सिंह, जो कि खडूर साहिब से सांसद हैं, ने एनएसए को लेकर पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी है। अमृतपाल का कहना है कि एनएसए की अवधि बढ़ाना असंवैधानिक है और उन पर एनएसए लगाना गलत है। पिछली सुनवाई में याचिका में कई खामियां पाई गई थीं। सरकारी वकील ने बताया कि याचिका में अमृतपाल के माता-पिता की आयु और पता सही नहीं थे। अमृतपाल के वकील ने कोर्ट से थोड़ा समय मांगा था, जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई टाल दी थी और अगली सुनवाई की तारीख 31 जुलाई तय की थी।

अब, संशोधित याचिका पर कोर्ट ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अमृतपाल सिंह की याचिका में कहा गया है कि एनएसए के तहत उनकी हिरासत बढ़ाने के कारण गलत हैं और अब वे सांसद का चुनाव जीत चुके हैं, इसलिए एनएसए को रद्द किया जाना चाहिए।

अगली सुनवाई 28 अगस्त को होगी

अमृतपाल सिंह पिछले एक साल से अधिक समय से असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद हैं। निर्दलीय सांसद ने एनएसए की अवधि बढ़ाए जाने के खिलाफ याचिका दायर की है। उन्होंने याचिका में कहा है कि वे एक साल से अधिक समय से अपने माता-पिता और परिजनों से दूर हैं और उनकी आजादी को क्रूर तरीके से छीना गया है। हाई कोर्ट ने इस मामले में अगली सुनवाई के लिए 28 अगस्त की तारीख तय की है।

अमृतपाल सिंह की सांसद पद को भी चुनौती

वहीं, अमृतपाल सिंह के खिलाफ एक चुनावी याचिका भी दायर की गई है। खडूर साहिब सीट से निर्दलीय प्रत्याशी रहे विक्रमजीत सिंह ने अमृतपाल सिंह की सांसद पद को हाई कोर्ट में चुनौती दी है। याचिका में कहा गया है कि अमृतपाल सिंह ने लोकसभा चुनाव के दौरान अपने नामांकन पत्र में कई जानकारियां छिपाई हैं।

Advertisement
Google search engine