NRI SANJH JALANDHAR (13 JANUARY)
इंडिया ब्लॉक की 5वीं बैठक शनिवार को वर्चुअली आयोजित हुई, जिसमें 10 दलों के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और उद्धव ठाकरे बैठक में शामिल नहीं हुए। बैठक में सीट बंटवारे की प्रगति पर व्यापक रूप से चर्चा की गई। बैठक में शामिल दलों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को इंडिया ब्लॉक का चेयरपर्सन बनाने पर सहमति दी। इसका औपचारिक ऐलान अखिलेश यादव और ममता बनर्जी से चर्चा के बाद किया जाएगा। कांग्रेस ने सभी दलों के नेताओं से राहुल गांधी की आगामी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल होने का अनुरोध किया।
इंडिया ब्लॉक की 5वीं बैठक में जेडीयू की ओर से पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह और संजय झा शामिल हुए। नीतीश ने कहा कि सीट शेयरिंग सबसे बड़ी चुनौती है। बैठक में बड़े दलों के नेताओं के शामिल नहीं होने पर उन्होंने कहा कि यह अच्छा संकेत नहीं है। जेडीयू नेता संजय झा ने कहा कि वर्चुअल मीटिंग के दौरान कांग्रेस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संयोजक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को ही इंडिया ब्लॉक का अध्यक्ष बनना चाहिए। संजय झा के मुताबिक नीतीश कुमार ने संयोजक बनने को लेकर अभी सहमति नहीं दी है। नीतीश ने मीटिंग में कहा, ‘मेरी किसी पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। हम चाहते हैं कि गठबंधन जमीन पर आगे बढ़े। जरूरी है कि गठबंधन में शामिल दलों में एकजुटता बनी रहे’।


