NRI SANJH JALANDHAR (19 JUNE)
उत्तर भारत गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। घरों में लगे एसी तक फेल हो रहे हैं। यहां तक कि हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी लू चल रही है। जम्मू, पंजाब, एमपी, ओडिशा, झारखंड, बिहार में भी कई जगहों पर लू का प्रकोप है। मौसम विभाग ने बताया कि 14 साल बाद ऐसी गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में मंगलवार की सुबह सबसे गर्म रही। मिनिमम टेंपरेचर भी चढ़कर 33.8 डिग्री सेल्सियस में पहुंच गया। इससे पहले 2018 में यह 34 डिग्री तक पहुंचा था। अगले दो दिन यह 35 डिग्री तक पहुंच सकता है। मॉनसूनी राहत की उम्मीद कर रहे लोगों को मायूसी ही हाथ लग रही है।
पंजाब और हरियाणा में भी लू और भीषण गर्मी का अटैक है। दोनों प्रदेशों में 22 जून तक राहत के कोई आसार नहीं हैं। यहां हीटवेव का अलर्ट 22 जून तक है जिसमें कहीं कहीं इसका येलो तो कहीं कहीं ऑरेंज अलर्ट भी है।

दिल्ली में नमी और गर्मी की वजह से हीट इंडेक्स इस सीजन में पहली बार 51 डिग्री तक पहुंचा है। इसका मतलब लोगों को इतनी तेज गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग ने हालांकि आज से आंधी और हल्की बारिश आने की संभावना जताई है। इसकी वजह से न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक कम हो सकता है। दो से तीन दिन बाद यह वापस 44 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
पूर्वानुमान के अनुसार, आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री तक रह सकता है। 20 से 22 जून तक 42 से 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 से 33 डिग्री रह सकता है। इसके बाद 23 जून से लू एक बार फिर वापसी करेगी। 23 और 24 जून को अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक रह सकता है। आंशिक बादल छाए रहेंगे। तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेगी।

लू का असर पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल और उत्तराखंड में भी देखने को मिल रहा है। यहां 22 जून तक येलो और ऑरेंज अलर्ट दोनों है। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां 22 जून तक राहत नहीं है। आज यहां हीटवेव का येलो अलर्ट है जो 22 जून तक रहेगा। उत्तराखंड में भी कमोबेश यही स्थिति है। इस दौरान जरूर 40-5- किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।




