NRI SANJH Jalandhar (21 April)
गर्मी की शुरुआत हो चुकी है। हालांकि, पूरे भारत में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कुछ राज्यों में चिलचिलाती हुई गर्मी पड़ रही है तो वहीं देश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी से मौसम में ठंडक बनी हुई है। पंजाब में पिछले दो दिन से जहां रात में समय मौसम सुहावना है, वही दिन के समय पर 40 डिग्री के करीब पहुंचना शुरू हो गया है।
मौसम विभाग की मानें तो आज यानी 21 अप्रैल को पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, बिहार और झारखंड में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। हालांकि, 5.8 किमी पर मध्य और ऊपरी क्षोभमंडलीय हवाओं में ऊपर की ओर बनी गर्त अब 68 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 30° उत्तर अक्षांश के उत्तर में चलती है। वहीं प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब पर है।


