नशों के खिलाफ लड़ाई लड़ने वाले नौजवान परविंदर सिंह का पोस्टमॉर्टम चंडीगढ़ पी.जी.आई. में हो गया है। इसके बाद परविंदर के पिता भीम सिंह ने कहा कि परविंदर का संस्कार कल 8 नवंबर को रविवार को दीवाली के मौके पर होगा। उन्होंने कहा कि रविवार सुबह 5 बजे वे परविंदर की मृत देह लेकर मानसा के लिए रवाना होंगे। इसके बाद 12 से 1 के बीच झोटे का संस्कार किया जाएगा।
भीम सिंह ने कहा कि परविंदर का संस्कार दीवाली वाले दिन इसलिए भी किया जा रहा है ताकि पंजाबवासियों, खासकर नौजवान पीढ़ी को नशों से दूर रहने का संदेश मिल सके। उन्होंने नौजवानों से अपील की कि वे नशों से दूर रहने का प्रण लें।
परविंदर सिंह झोटे के संस्कार की अंतिम रस्मों के लिए परिवार समेत एंटी ड्रग टास्क फोर्स और एक्शन कमेटी की ओर से सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिन खेतों में परविंदर सिंह झोटे का परिवार रोजी-रोटी के लिए खेती करता था, उन्हीं खेतों में अब 8 नवंबर को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मानसा पुलिस की ओर से संस्कार के समय अमन-कानून की स्थिति बनाए रखने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


