ताजपुर रोड इलाके में वाहनों की पार्किंग को लेकर भड़का मामूली विवाद देखते ही देखते गैंगवार और खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच पहले जमकर गाली-गलौच और गाड़ियों में तोड़फोड़ हुई और फिर आधी रात को खुलेआम अंधाधुंध गोलियां चला दी गईं। फायरिंग के दौरान 31 साल के नौजवान दरबारा उर्फ हैरी की छाती में सीधी गोली लग गई।
खून से लथपथ हालत में उसे तुरंत क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (सीएमसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वह पेशे से ड्राइवर था। इस कत्लकांड के बाद इलाके में भारी दहशत और तनाव फैल गया है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-7 के पुलिस अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर और बाद में सीएमसी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने लाश को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटना स्थल से सबूत एकत्र किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी के असल हालात, इस्तेमाल किए गए हथियारों और दोनों पक्षों में शामिल नौजवानों की पहचान के लिए ताजपुर रोड पर लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि परिवार वालों के बयानों और प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया जा रहा है और फायरिंग करने वाले शूटर्स को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।


