जालंधर रोड पर गांव अठौला के नजदीक ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच हुई भयानक टक्कर में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।सिविल अस्पताल कपूरथला में इलाज करा रही गौरी पत्नी कैलाश, निवासी बिहार और वर्तमान में गांव अठौला की रहने वाली,
ने बताया कि वे अपने पति कैलाश (40) और 5 साल के पुत्र लवकुश के साथ मोटरसाइकिल पर कपूरथला से अपने गांव अठौला की ओर जा रहे थे। जब वे गांव के नजदीक जालंधर रोड पर पहुंचे तो एक ट्रक से उनकी मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई।हादसा इतना भयानक था कि 5 साल के लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैलाश और उनकी पत्नी गौरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल कपूरथला लाया गया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. जश्न ने कैलाश की जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि गौरी का इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलने पर पी.सी.आर. इंचार्ज रणजीत सिंह अपनी टीम के साथ सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे से संबंधित जालंधर से जुड़े थाने को सूचित कर दिया गया है। मृतक कैलाश की लाश को सिविल अस्पताल कपूरथला के मुर्दाघर में रखवा दिया गया है।


