चंडीगढ़ मौसम केंद्र के अनुसार, 14 से 18 अगस्त के बीच पंजाब और चंडीगढ़ के कई इलाकों में बारिश बढ़ सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। आज, 13 अगस्त को बारिश के लिए कोई खास चेतावनी नहीं है, लेकिन पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना है।पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और पटियाला में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा, अन्य इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।बुधवार को बारिश न होने के कारण पंजाब में तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। भाखड़ा बांध इलाके में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन के दौरान पठानकोट में तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस और चंडीगढ़ में 7 डिग्री सेल्सियस बढ़ा। पंजाब में मॉनसून सीजन के दौरान अब तक 195.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है,
जो सामान्य से लगभग 32 प्रतिशत कम है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश बढ़ाने के लिए दो मौसम प्रणालियाँ सक्रिय हैं। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है और अगले 12 घंटों में इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है।
इसके बाद, यह उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जिससे पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, दक्षिण हरियाणा के ऊपर भी एक मौसम प्रणाली सक्रिय है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। 14 से 18 अगस्त के बीच पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है।


