गुरुग्राम में हरियाणा पुलिस ने गुरुवार को दीपक नांदल गैंग से जुड़े चार बदमाशों को ढेर किया है. घटना गुरुग्राम के सुशांत लोक ए ब्लॉक की है. जहां देर रात पुलिस की इन बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई थी. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर फायरिंग हुई. जिसमें पांच बदमाशों को गोली लगी थी. जिसमें चार ढेर हुए हैं. जबकि तीन पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है।
बताया जा रहा है कि इन बदमाशों ने एक यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे का अपहरण किया था. जिससे करोड़ों रुपए की रंगदारी मांगी जा रही थी. ऐसे में इस एनकाउंटर के बाद दीपक नांदल का नाम फिर चर्चा में है, जो हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर है और विदेश से बैठकर भारत में अपना नेटवर्क चला रहा है दीपक नांदल हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में जुर्म की दुनिया का ऐसा नाम है
जो रंगदारी, हत्या, किडनैपिंग और फिरौती जैसे मामलों में शामिल रहा है. मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला दीपक नांदल भारत से दूर सात समंदर पार से अपना नेटवर्क चलाता है. वह सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को अपनी गैंग में शामिल करता है और उसके बाद पूरा नेटवर्क संचालित करता है. बताया जाता है कि वह यूएई, लंदन और कनाडा जैसे देशों में एक्टिव रहा है. दिल्ली-एनसीआर की पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में है
दीपक नांदल कभी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना चेहरा था. वह म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफॉर्मर के तौर पर सक्रिय रहा. उसने हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ कई लोकप्रिय गानों पर काम किया. हरियाणा रोडवेज और कर गई चुल जैसे गानों को बनाने में उसका नाम जुड़ता रहा।
एक इंटरव्यू में उसने कहा था कि बादशाह और फाजिलपुरिया के साथ काम करना उसके लिए हमेशा खुशी की बात रही. दीपक नांदल को लंबे समय तक राहुल फाजिलपुरिया का बेहद करीबी दोस्त, सहयोगी और ऑन-ग्राउंड मैनेजर माना जाता रहा. जब भी फाजिलपुरिया किसी विवाद में घिरते थे, दीपक नांदल अक्सर उनके समर्थन में सामने आता था।


