कतर के रास लाफान शहर के गैस प्लांट में हुए धमाके में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 12 भारतीय शामिल हैं. दोहा में मौजूद भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘कतर के अधिकारियों ने पुष्टि की है कि रविवार रात रास लाफान में हुए हादसे में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई.’ पोस्ट में कतर के अधिकारियों के हवाले कहा गया है।
धमाके में घायल लोगों का उचित इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर है. भारतीय दूतावास इस घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव मदद मुहैया कराने के लिए कतर के अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है. इसमें यह सुनिश्चित करना भी शामिल है कि मृतकों के शव जल्द से जल्द भारत भेजे जाएं।
कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी ने संवाददाताओं से कहा था कि धमाके में भारतीय और पाकिस्तानी मूल के 13 लोगों की मौत हो गई है, वहीं कतर के गृह मंत्रालय ने बयान में कहा कि रास लाफान औद्योगिक शहर में रविवार शाम बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में काम के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 66 अन्य घायल हो गए।
मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा अधिकारियों ने रास लाफान में आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।साद बिन शेरिदा अल-काबी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मौके पर राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है।
मंत्रालय ने कहा कि अधिकारी घटना के सटीक तकनीकी कारणों का पता लगाने और उससे जुड़ी सभी परिस्थितियों का ब्यौरा जुटाने के लिए जांच में जुट गए हैं. मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना के कारण कोई रिसाव नहीं हुआ और इससे आसपास के लोगों की सुरक्षा या पर्यावरण को कोई खतरा नहीं है. इससे पहले, कतर एनर्जी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) अल-काबी ने बताया था कि रविवार शाम रास लाफान औद्योगिक शहर में बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति प्लांट में हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में 66 लोग घायल हो गए।


