देश में मौसम का हाल अभी कुछ अलग ही दिख रहा है। एक तरफ, कई राज्यों में मॉनसून आ चुका है और वहां भारी बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कुछ राज्य अभी भी मॉनसून का इंतज़ार कर रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि मॉनसून अब तक कहा पहुंचा है, कौन से राज्य अभी भी इसका इंतज़ार कर रहे हैं और यह वहाँ कब तक पहुँच सकता है।
IMD के अनुसार, मॉनसून की उत्तरी सीमा अभी हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबनी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुज़र रही है। पंजाब से बिहार तक एक मौसमी ट्रफ़ (हवा का कम दबाव वाला क्षेत्र) फैला हुआ है और उत्तरी पाकिस्तान के आसपास एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय है।उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के पास हवाओं का एक चक्रवाती घेरा (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी बना है।
इन सभी कारणों से उत्तर भारत का मौसम प्रभावित हो रहा है और जिन इलाकों में मॉनसून को आगे बढ़ना था, वहाँ वैसा माहौल नहीं बन पाया। इस वजह से मॉनसून रुका हुआ लग रहा है और तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों को थोड़ा और इंतज़ार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले 4 से 5 दिनों में स्थिति बदल सकती है। दिल्ली में अभी मॉनसून नहीं पहुंचा है, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश और तेज़ हवाएँ चल सकती हैं।


