शहीद भगत सिंह नगर के डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी गुलप्रीत सिंह ओलख द्वारा जिले में वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एस.आई.आर.) गतिविधियों के उचित संचालन और प्रभावी प्रबंधन के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों तथा सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
आदेश जारी करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर सूचियों की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के लिए प्रोग्राम जारी किया गया है और जिला प्रशासन की सीधी निगरानी में एस.आई.आर. से संबंधित हर गतिविधि को उचित ढंग से निपटाने के लिए समर्पित टीमों का गठन किया गया है।
श्री ओलख ने बताया कि नियुक्त किए गए नोडल अधिकारी शिकायत निवारण, आई.टी. संबंधी समस्याओं के समाधान, ट्रेनिंग प्रबंधन, सामग्री प्रबंधन, सोशल मीडिया तालमेल, स्वीप जागरूकता गतिविधियों, एस.आई.आर. संबंधी अहम मुद्दों की रिपोर्टिंग,
कानूनी मामले, बी.एल.ओ. की भलाई और हेल्प डेस्क संचालन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी करेंगे।उन्होंने बताया कि बेहतर तालमेल और रिवीजन प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए सहायक नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने आगे कहा कि यह टीमें एस.आई.आर. प्रक्रिया के दौरान लोगों की सहायता भी करेंगी और यह सुनिश्चित करेंगी कि योग्य वोटरों को दस्तावेजी और तस्दीक़ी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तनदेही, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।
श्री ओलख ने बताया कि अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी संजीव शर्मा द्वारा सारी नोडल टीमों के कामकाज और प्रगति की निगरानी की जाएगी ताकि सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय पर पूरा किया जा सके। इसके अलावा जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में लोगों की एस.आई.आर. संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एक समर्पित हेल्प डेस्क और शिकायत सेल भी स्थापित किया जाएगा।


