भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा फ़ैसला लेते हुए Paytm Payments Bank का लाइसेंस रद्द कर दिया है। RBI का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इस फ़ैसले के बाद, Paytm Payments Bank अब बैंक के तौर पर काम नहीं कर पाएगा और न ही कोई नया लेन-देन या बैंकिंग सेवाएँ दे पाएगा।लाइसेंस रद्द होने की ख़बर के बाद, जिन लोगों का पैसा इस बैंक में जमा है, उनमें चिंता फैल गई है। इस संबंध में, RBI और Paytm Payments Bank दोनों ने साफ़ किया है कि ग्राहकों का पैसा पूरी तरह से सुरक्षित है। बैंक के आधिकारिक पोर्टल के अनुसार, उनके पास जमाकर्ताओं का पैसा लौटाने के लिए पर्याप्त फ़ंड मौजूद है।फ़िलहाल, Paytm पोर्टल पर पैसे वापस करने की प्रक्रिया के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन कंपनी ने कहा है कि वह जल्द ही पैसे वापस करने की प्रक्रिया बताएगी।बैंक का कामकाज ठीक से नहीं चल रहा था। मैनेजमेंट पर भरोसा नहीं था। बैंक तय शर्तों का पालन नहीं कर रहा था, जिससे खाताधारकों के हितों को ख़तरा हो सकता था।आपको बता दें कि RBI पहले भी Paytm Payments Bank पर सख़्ती बरत चुका है। साल 2022 में, नए ग्राहक जोड़ने पर रोक लगा दी गई थी और 2024 में, खातों में पैसे जमा करने पर भी रोक लगा दी गई थी।यहाँ यह समझना ज़रूरी है कि Paytm ऐप और Paytm Payments Bank दोनों अलग-अलग हैं। RBI ने सिर्फ़ Paytm Payments Bank का लाइसेंस रद्द किया है। Paytm की मूल कंपनी One 97 Communication ने कहा है कि Paytm ऐप पहले की तरह ही काम करता रहेगा। अब RBI इस मामले को लेकर हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है।


