पाकिस्तानी डॉन शहबाज भट्टी ने अपनी मौत के दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। भट्टी ने एक ऑडियो जारी करते हुए कहा कि एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि लॉरेंस गैंग ने उसके ऊपर फायरिंग करवाई, जिसमें उसकी मौत हो गई। लेकिन वह कभी पुर्तगाल नहीं गया और न ही उसके ऊपर किसी तरह की फायरिंग हुई है।
भट्टी ने कहा कि उसके ऊपर फायरिंग और उसकी मौत के बारे में लॉरेंस द्वारा सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट पूरी तरह झूठी और मनघड़ंत है।लॉरेंस को “बच्चा” कहते हुए बताया कि वह उसके हाथों में खेला है। भट्टी के मुताबिक, वह लॉरेंस को गैंगस्टर ही नहीं मानता। उसका कहना है कि असल काम कोई और करता था, जबकि झूठी पोस्टें, अफवाहें और फर्जी जिम्मेदारी लेकर लॉरेंस खुद को गैंगस्टर दिखा रहा है।
भट्टी और लॉरेंस पहले अच्छे दोस्त माने जाते थे, लेकिन भट्टी द्वारा लॉरेंस के गुरुओं से अपने काम करवाने और पहलगाम हमले मामले में लॉरेंस द्वारा हाफिज सईद को दी गई धमकी से बाद दोनों एक-दूसरे के कट्टर दुश्मन बन गए।भट्टी ने कहा कि लॉरेंस और उसके लोग सिर्फ धमकियां और बयानबाजी ही करते है, घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं रखते।
उसने दावा किया कि लॉरेंस की पूरी जिंदगी मेरे ऊपर गोली चलाने की ख्वाहिश ही रह जाएगी। इसी हाल उसके साथियों का भी होगा। भट्टी का कहना है कि लॉरेंस गैंग का कोई भी व्यक्ति उसके ऊपर गोली नहीं चला सकता, भले उनकी सात पुश्तें भी आ जाएं। उसने दावा किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित और ठीक है।


