ईरान में सत्ता विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए है। सरकार ने देशभर में इंटरनेट बंद किया, जबकि ट्रंप ने दमन बढ़ने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।ईरान राजनीतिक संकट की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। 8 जनवरी को देशभर में प्रदर्शनकारियों ने धार्मिक नेतृत्व के खिलाफ आंदोलन और तेज कर दिया, जिससे हालात बीते दो हफ्तों में सबसे ज्यादा हिंसक हो गए।
बढ़ती अशांति को देखते हुए सरकार ने पूरे देश में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं. इस विरोध की शुरुआत 28 दिसंबर 2025 को हुई थी, जब ईरान की मुद्रा रियाल रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई। राजधानी तेहरान के ऐतिहासिक बाजार (ग्रैंड बाजार) के बंद होने के साथ ही आर्थिक नाराजगी सड़कों पर आ गई।हालांकि शुरुआत में यह आंदोलन महंगाई, बेरोजगारी और मुद्रा की गिरावट के खिलाफ था, लेकिन धीरे-धीरे यह सीधे सत्ता और धार्मिक नेतृत्व के खिलाफ प्रदर्शन में बदल गया।
अब यह आंदोलन सिर्फ तेहरान तक सीमित नहीं है।कई प्रमुख प्रांतीय शहरों में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए हैं, जहां सरकार विरोधी नारे लगाए जा रहे है। सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की खबरें भी सामने आ रही है, जबकि दमनकारी कार्रवाई में मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
ईरान में विरोध प्रदर्शन सभी 31 प्रांतों के 111 शहरों और कस्बों में फैल गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक कम से कम 34 प्रदर्शनकारी और चार सुरक्षा कर्मी मारे गए है और 2,200 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है।


