प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इसे “नई शक्ति और नए विश्वास” का प्रतीक बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने प्रार्थना की कि भक्ति और संकल्प से परिपूर्ण यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि, सौभाग्य और अच्छा स्वास्थ्य लाए।पीएम मोदी ने कहा कि यह नवरात्रि दोहरे उत्सव के साथ शुरू हो रही है। एक ओर जहां शक्ति की आराधना हो रही है, वहीं दूसरी ओर आज से लागू होने वाली GST की नई दरों के कारण देश में ‘GST बचत उत्सव’ का भी आगाज हो रहा है। अपने संदेश में PM मोदी ने कहा कि यह नवरात्रि आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता का संदेश भी ला रही है। उन्होंने कहा, “इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत खास है। GST बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान नई ऊर्जा मिलने वाली है।” उन्होंने देशवासियों से ‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयासों में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह स्वतंत्रता आंदोलन को स्वदेशी से ताकत मिली, उसी तरह देश की प्रगति को भी स्वदेशी से बल मिलेगा। प्रधानमंत्री ने नवरात्रि को भक्ति का पर्व बताते हुए संगीत के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने प्रख्यात शास्त्रीय गायक पंडित जसराज द्वारा रचित एक भावपूर्ण भजन को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने लोगों से अपने पसंदीदा भजनों को साझा करने की अपील की, जिनमें से कुछ को वे आने वाले दिनों में पोस्ट करेंगे।


