NRI SANJH JALANDHAR (22 APRIL)
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आज आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया जिसमें अब तक 2 विदेशी नागरिकों समेत 27 पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गए है. आतंकी हमले के बाद सरकार एक्शन में है. पीएम मोदी ने अमित शाह से फोन पर बातचीत की है. उन्होंने इस घटना पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
मोदी बोले- आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. इस जघन्य कृत्य के पीछे जो लोग हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा. उनका नापाक मंसूबा कभी कामयाब नहीं होगा. आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है और यह और भी मजबूत होगा।
गृह मंत्री अमित शाह पहलगाम पहुंच गए हैं. जहां वह सभी एजेंसियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे. हमले की जिम्मेदारी कश्मीर में आतंक का नया पर्याय बने लश्कर- ए-तैयबा के हिट स्क्वॉड द रजिस्टेंस फोर्स (टीआरएफ) ने ली है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी से बातचीत करके हालातों की जानकारी ली. सुरक्षाबलों ने पहलगाम में हमले वाले इलाके को घेर रखा है. हेलिकॉप्टर के जरिए इलाके पर नजर रखी जा रही है. घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने की कड़ी निंदा
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए एक्स पर लिखा मैं अविश्वसनीय रूप से स्तब्ध हूं। हमारे आगंतुकों पर यह हमला एक घृणित कार्य है. इस हमले के अपराधी जानवर, अमानवीय और घृणा के पात्र हैं. निंदा के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है. मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं. मैंने अपनी सहकर्मी @sakinaitoo से बात की है और वह घायलों के लिए व्यवस्थाओं की देखरेख करने के लिए अस्पताल चली गई हैं. मैं तुरंत श्रीनगर वापस जा रहा हूं।
आतंकियों ने रायपुर के बिजनेसमैन को भी मारी गोली
बता दें कि इस आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक बिजनेसमैन को भी आतंकी के गोली मारने की सूचना है. लल्लूराम डॉट कॉम ने राजधानी रायपुर के रहने वाले इस बिजनेसमैन के बेटे शौर्य मिरानिया से इसकी पुष्टि की. शौर्य ने बताया कि उसके पिता को आतंकियों ने गोली मारी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वे राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी में रहते है. उक्त बिजनेसमैन का नाम दिनेश मिरानिया बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश मिरानिया अपनी पत्नी नेहा मिरानिया और दो बच्चों शौर्य व लक्षिता मिरानिया के साथ पहलगाम घुमने गए हुए थे. इसी दौरान आतंकियों ने घुड़सवारी कर रहे पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. अब तक उनकी स्थिति और लोकेशन को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है.


