Wednesday, June 3, 2026

Google search engine
Homeनेशनललखनऊ की शादी में Leopard की एंट्री से हड़कंप; दूल्हा-दुल्हन और बाराती...

लखनऊ की शादी में Leopard की एंट्री से हड़कंप; दूल्हा-दुल्हन और बाराती जान बचाकर भागे

NRI SANJH JALANDHAR (13 FEBRUARY)

उत्तर प्रदेश में ‘जंगली जानवरों’ ने आतंक मचा रखा है। बुधवार (12 फरवरी) की रात लखनऊ में हैरान करने वाली घटना हो गई। एक शादी में अचानक तेंदुआ पहुंच गया। ‘जंगली जानवर’ की एंट्री से हड़कंप मच गया। मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर भागे। दूल्हा-दुल्हन डरकर कार में जाकर बैठ गए। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। तेंदुए ने दरोगा पर हमला कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग टीम तेंदुए को पकड़ पाई। घटना हरदोई रोड पर बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित MM लॉन की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानिए पूरा घटनाक्रम 
बुधवार की रात आलमबाग के पूरन नगर निवासी अक्षय श्रीवास्तव और ज्योति की शादी बुद्धेश्वर रिंग रोड स्थित MM लॉन में हो रही थी। बाराती और घराती रात 9 बजे नाश्ता कर रहे थे। दो कैमरामैन दूल्हा-दुल्हन का वीडियो शूट करने के लिए मैरिज हॉल में अच्छी लोकेशन की तलाश कर रहे थे। तभी मैरिज हाल में तेंदुआ घुस आया। तेंदुए को देखते ही कैमरामैन हड़बड़ा गया। एक कैमरामैन ने सीढ़ियों से छलांग लगा दी।

भागो-भागो तेंदुआ आ गया…
दूसरा दौड़ता हुआ मैरिज हाल के लॉन पर आ गया। चिल्लाने लगा कि भागो…भागो…तेंदुआ आ गया। तेंदुए की एंट्री से हड़कंप मच गया। मैरिज हॉल में चीख-पुकार मच गई। दूल्हा-दुल्हन सहित बाराती और घराती डरकर भागे। दूल्हा-दुल्हन बाहर गाड़ी में जाकर बैठ गए। कुछ ही देर में पूरा मैरिज हाल खाली हो गया। 

तेंदुआ ने पुलिसकर्मी पर मारा झपट्‌टा
तेंदुआ मैरिज हाल की छत पर जाकर बैठ गया। इसके बाद लोगों ने गेस्ट हाउस के चैनल गेट को बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। लोगों को हटाया।पुलिस ने मैरिज हॉल के ऊपर ड्रोन उड़ाया तो छत पर तेंदुआ नजर आया। वन विभाग की टीम सीढ़ियों से ऊपर जा रही थी, तभी अचानक तेंदुआ नीचे आ गया। तेंदुआ ने एक पुलिसकर्मी पर झपट्‌टा मारा।

रात दो बजे के बाद हुई शादी की रस्में 
तेंदुए ने दरोगा मुकद्दर अली के हाथ पर हमला कर दिया। दरोगा के हाथ से राइफल छूट गई। 4 घंटे की कड़ी मुश्किल के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को मैरिज हॉल से पकड़ा। पिंजरे में डालकर वन विभाग की टीम तेंदुआ को लेकर चली गई। रात दो बजे लड़की और लड़के पक्ष के लोग अंदर गए। अक्षय और ज्योति की शादी कराई गई।  

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments