NRI SANJH JALANDHAR (23 May)
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इन दिनों जहां जनसभाओं और रोड शो के जरिए आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील कर रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ स्वाति मालीवाल केस में सीएम केजरीवाल के माता-पिता से गुरुवार को पूछताछ होगी। दिल्ली पुलिस, स्वाति मालीवाल केस में सीएम केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ करेगी।
सीएम केजरीवाल के माता-पिता की तरफ से दिल्ली पुलिस को पूछताछ के लिए 23 मई यानि आज का समय दिया गया। दिल्ली पुलिस की टीम सुबह साढ़े 11 बजे पूछताछ के लिए अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचने वाली है। इसके बाद दिल्ली पुलिस स्वाति मालीवाल केस में आगे की कार्रवाई करने वाली है।
आम आदमी पार्टी की तरफ से अरविंद केजरीवाल के परिवार को लेकर बीजेपी को घेरा जा रहा है। मंत्री आतिशी ने कहा कि बीजेपी रोजाना नया षड्यंत्र कर रही है। पहले स्वाति मालीवाल का मामला लेकर आए। फिर विदेश फंडिंग और वो नहीं चला तो अब पानी रोकने की कोशिश की जा रही है। अरविंद केजरीवाल के माता-पिता से पूछताछ को मंत्री आतिशी ने बीजेपी की सबसे घटिया और नीच चाल बताया।
दूसरी तरफ गुरुवार को दिल्ली में लोकसभा चुनाव के प्रचार का अंतिम दिन है। इसलिए सभी राजनीतिक पार्टियां पूरी ताकत झोकने वाली हैं. वोटिंग से 36 घंटे पहले आज शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद प्रत्याशी कोई जनसभाएं या रोड शो नहीं कर सकेंगे। न ही किसी लाउडस्पीकर का इस्तेमाल कर सकेंगे. बस घर-घर जाकर मतदाताओं से वोटिंग की अपील कर सकते हैं।
बता दें कि दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर 162 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं. दिल्ली में 1 करोड़ 52 लाख से ज्यादा मतदाता हैं। जिसमें 82 लाख पुरुष और 70 लाख के करीब महिला मतदाता शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में दिल्ली में 25 मई को वोटिंग होनी है, जिससे पहले आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। इसलिए सभी राजनीतिक पार्टियों ने अपनी ताकत झोंक दी हैं।


