NRI SANJH JALANDHAR (19 MAY)
Swati Maliwal Assault Case: AAP की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में अपने पूर्व पीए बिभव कुमारके साथ ही सीएम अरविंद केजरीवाल भी घिरते जा रहे हैं। स्वाति मालीवाल ने उनकी घर में मौजूदगी के बीच अपने साथ मारपीट का आरोप लगाया है। मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में बड़ा खुलासा किया है।
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया कि वारदात के समय का सीएम आवास का CCTV फुटेज गायब है। वहीं आरोपी ने अपना आईफोन फॉर्मेट कर हमें दिया है। फोन का पासवर्ड भी नहीं बता रहा है। इधर मामले में स्वाति मालीवाल ने दावा किया कि उनके साथ सीएम आवास में हुई पिटाई का सीसीटीवी फुटेज “गायब” हो गया है। उन्होंने कहा कि जो भी वीडियो जारी किए जा रहे हैं वो एडिटेड हैं।
बता दें कि स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में तीस हजारी कोर्ट (Tis Hazari Court) ने आरोपी बिभव कुमार को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। शनिवार को जब विभव की पुलिस कस्टडी की मांग को लेकर तीस हजारी कोर्ट में बहस हुई तो हैरान करने वाला खुलासा हुआ।
दिल्ली पुलिस की ओर से पेश अतिरिक्त लोक अभियोजक अतुल श्रीवास्तव ने विभव कुमार की हिरासत पर बहस करते हुए कोर्ट को बताया, ‘हमने डीवीआर मांगा, वह पेन ड्राइव में दिया गया…फुटेज खाली पाई गई। पुलिस को आईफोन दे दिया गया है, लेकिन अब आरोपी पासवर्ड नहीं बता रहा है। फ़ोन को फ़ॉर्मेट कर दिया गया है। अपर लोक अभियोजक ने कहा कि आरोपी आज भी घटना स्थल पर मौजूद था। वहीं विभव कुमार के वकील राजीव मोहन ने कहा मोबाइल को फार्मेट की बात सही भी है तो भी उसका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है।


