NRI SANJH JALANDHAR (23 March)
फागुन के महीने में जब होली पड़ती है, तो आमतौर पर गर्मी नहीं होती है। वसंत ऋतु का यह ऐसा समय होता है, जब सर्दी खत्म हो रही होती है और गर्मी की महज शुरुआत हो रही होती है। लेकिन, इस बार होली पर भारत के नौ राज्यों में तापमान 40 डिग्री के पार होने की संभावना है। क्लाइमेट सेंट्रल के नए अध्ययन में यह बात सामने आई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार रंगों का त्योहार चिलचिलाती गर्मी की चपेट में आ सकता है। इस दिन देश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रह सकता है। अध्ययन में इसके लिए जलवायु परिवर्तन को कारण माना गया है। अध्ययन में शोधकर्ताओं ने मार्च के आंकड़ों का विश्लेषण कर पाया कि हाल के दशकों में इस महीने के तापमान में बड़े बदलाव देखे गए है। जनवरी-फरवरी में सर्दी के बाद मार्च में एकाएक तापमान तेजी से बढ़ा है।
मौसम विशेषागों का कहना है कि फरवरी में गर्मी के तेजी से बननी शुरू हो गई थी। जो मार्च की शुरुआत में भी कायम रही।यह भारत में जलवायु पैटर्न में बदलाव की ओर इशारा करता है। साथ ही होली के दौरान अत्यधिक गर्मी के बढ़ते जोखिम को भी प्रदर्शित करता है। शोधकर्ताओं के अनुसार, 1970 के दशक में केवल तीन राज्यों महाराष्ट्र, बिहार और छत्तीसगढ़ में ही होली पर तापमान 40 डिग्री तक पहुंचने की पुष्टि होती थी। लेकिन अब इसमें छह और राज्य राजस्थान, गुजरात, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, ओडिशा तथा आंध्र प्रदेश भी जुड़ गए हैं।


