मरहूम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता, बलकोर सिंह और चरन कौर ने ‘सागा म्यूजिक’ द्वारा उनके गीत ‘फैंटम’ को रिलीज करने पर आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि म्यूजिक लेबल ने उनकी इजाजत या आधिकारिक मंजूरी के बिना ही इस गीत को रिलीज कर दिया।एक बयान में, गायक के माता-पिता ने कहा कि उनकी तरफ से रिलीज को रोकने और मामले के हल के लिए बातचीत करने की अपील के बावजूद, ‘सागा म्यूजिक’ ने गीत रिलीज कर दिया।
उन्होंने आगे दावा किया कि लेबल ने उनसे रिलीज के लिए कोई वैध दस्तावेजी मंजूरी नहीं ली थी।बयान में कहा गया है, “सिद्धू मूसेवाला का गीत ‘फैंटम’ हमारी इजाजत या आधिकारिक मंजूरी के बिना ‘सागा म्यूजिक’ द्वारा रिलीज किया जा रहा है। रिलीज को रोकने और हल निकालने के लिए बातचीत करने की हमारी अपील के बावजूद, ‘सागा म्यूजिक’ ने हमारी तरफ से दिए गए किसी वैध दस्तावेज के बिना ही इसे रिलीज कर दिया।
हम सिद्धू मूसेवाला की विरासत और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उपयुक्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर रहे हैं।”उन्होंने अन्य कलाकारों और म्यूजिक लेबलों के लिए भी एक संदेश जारी किया है, जो सिद्धू मूसेवाला के गीतों से संबंधित दस्तावेज या अधिकार होने का दावा करते हैं।
उन्होंने अपील की कि कोई भी सार्वजनिक घोषणा करने या उनका संगीत रिलीज करने से पहले परिवार से सलाह-मशविरा जरूर किया जाए। उन्होंने अनुरोध किया है कि गायक की संगीत रचनाओं से संबंधित सभी मामलों पर सीधा परिवार से ही बातचीत की जाए।


