मंगलवार को मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की गोलियों से हत्या किए जाने की घटना पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। मान ने कहा कि मैं साफ कर देता हूं कि पंजाब पुलिस द्वारा दोषियों को सख्त सजा दिलवाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। अगर इस घटना की साजिश के पीछे कोई और है तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।
मान ने कहा कि पूरे पंजाब में नशा बेचने वालों के खिलाफ हमने युद्ध छेड़ रखा है। इस मामले में किसी के साथ कोई लिहाज नहीं किया जाएगा। चाहे कोई भी हो और उसकी जितनी भी पहुँच हो, दोषियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे। परविंदर सिंह झोटा के परिवार के साथ मेरी गहरी हमदर्दी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटना नहीं होनी चाहिए थी,
लेकिन जो भी कमियाँ हुईं, चाहे वे किसी भी स्तर पर हों, हम उन पर कार्रवाई करेंगे। इस बारे में उन्होंने डीजीपी को सख्त आदेश दिए हैं कि इस घटना की पूरी जाँच की जाए और दूध का दूध व पानी का पानी किया जाए। पंजाब में नशा बेचने वालों के खिलाफ हमारी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।
न तो हम किसी की हिमायत करते हैं और न ही करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने पंजाबियों से शांति बनाए रखने की अपील की है। मान ने कहा कि वे यकीन दिलाते हैं कि जो भी इस घटना का दोषी है, भले ही हमने मुख्य दोषी को गिरफ्तार कर लिया है, फिर भी अगर इसके पीछे कोई और है तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।


