कनाडा के सरी शहर में रहने वाले पंजाबी नौजवान अमृतपाल सिंह की किस्मत रातों-रात चमक उठी। अमृतपाल सिंह ने ‘लॉटो 6/49 गोल्ड बॉल जैकपॉट’ के 23 सितंबर, 2026 के ड्रॉ में 32 मिलियन कनाडाई डॉलर (लगभग 2,16,76,31,360.00) का बड़ा इनाम जीता है।
अमृतपाल ने यह इनामी टिकट सरी के 152 स्ट्रीट और 104 एवेन्यू पर स्थित 7-इलेवन स्टोर से खरीदी थी। दिन भर के कामकाज के बाद वह अपना मन तरोताजा करने के लिए व्हाइट रॉक की ओर गाड़ी चलाकर गया, जहां उसने ‘BCLC Lotto! Mobile app’ के जरिए अपनी टिकट स्कैन करके चेक की। शुरू में अमृतपाल ने इनामी राशि को गलती से 32,000 डॉलर पढ़ लिया था। पूरी पुष्टि करने के लिए उसने अन्य फोन पर भी टिकट चेक की, जिसके बाद उसे पता चला कि यह 32,000 नहीं बल्कि 32 मिलियन डॉलर का जैकपॉट है। जो कि लगभग 200 करोड़ है।अपनी खुशी जाहिर करते हुए अमृतपाल ने कहा, “मैं इस पर यकीन ही नहीं कर पा रहा था! मैं बहुत खुश हूं और यह इनाम मेरी जिंदगी बदल देगा।”
इस बड़ी राशि के इस्तेमाल के बारे में बोलते हुए अमृतपाल ने बताया कि वह अभी फैसला लेने के लिए समय ले रहा है, लेकिन उसकी योजना अपने माता-पिता और बहन की वित्तीय मदद करने, एक नया घर खरीदने और कुछ गाड़ियां लेते हुए अपनी सपनों की कार ‘डॉज चैलेंजर’ खरीदने की है।


