पंजाब स्टेट विमेंस कमीशन ने पटियाला के डिप्टी कमिश्नर और कपूरथला के डिप्टी कमिश्नर को लवली प्रोफेशनल्स यूनिवर्सिटी और चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट और छेड़छाड़ और विरोध प्रदर्शन पर 30 सितंबर तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए हंगामे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अगले आदेश तक इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई हैं।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो या दूसरे कंटेंट को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। मामले का सू मोटो नोटिस लेते हुए पंजाब विमेंस कमीशन ने कपूरथला के DC और SSP से FIR, SIT रिपोर्ट और अब तक की गई जांच की जानकारी भी मांगी है। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों पर भी रिपोर्ट मांगी गई है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी घटना का नोटिस लिया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद DGP गौरव यादव यूनिवर्सिटी पहुंचे और मौके पर हालात का जायजा लिया। हंगामे के बाद LPU को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने उन स्टूडेंट्स से कहा है जो घर जाना चाहते हैं,
वे अपने पेरेंट्स को फोन करें, जिसके बाद कई स्टूडेंट्स घर लौटने लगे हैं। इस बीच, मिड-टर्म एग्जाम भी कैंसिल कर दिए गए हैं।रविवार सुबह करीब 6 बजे बंद हुआ दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे करीब 18 घंटे बाद रविवार रात करीब 12 बजे ट्रैफिक के लिए फिर से खोल दिया गया।
हंगामे के दौरान एक मॉल में लूटपाट की घटना भी सामने आई, जबकि कुछ अनजान लोगों के गर्ल्स हॉस्टल में घुसने की कोशिश करने की भी बात कही गई है।बताया जा रहा है कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को एक स्टूडेंट के साथ रेप को लेकर सोशल मीडिया पर एक मैसेज वायरल होने के बाद यूनिवर्सिटी में प्रोटेस्ट शुरू हुआ।
इसके बाद हालात बिगड़ गए और कैंपस में तोड़फोड़ हुई। हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। दूसरी ओर, कुछ स्टूडेंट्स द्वारा पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने और पत्थरबाजी करने की घटनाएं भी सामने आई।
फिलहाल, हालात पुलिस के कंट्रोल में बताए जा रहे हैं और यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। स्टूडेंट्स की मांग के बाद पुलिस ने स्टूडेंट के साथ कथित रेप के मामले में FIR दर्ज कर ली है। जांच के लिए स्टूडेंट्स की भागीदारी वाली पांच सदस्यों की SIT भी बनाई गई है। DIG नवीन सिंगला ने स्टूडेंट्स को मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।


