लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के कैंपस में हुए भारी हंगामे और तोड़फोड़ के बाद सुरक्षा और अफवाहों को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए इलाके में इंटरनेट बंद कर दिया है।इससे पहले मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 28 सितंबर से 10 दिनों के लिए सभी कक्षाएं भी स्थगित कर दी थी
और साथ ही आने वाले दिनों में होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है।उल्लेखनीय है कि रविवार देर रात LPU कैंपस में छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस और मीडिया की गाड़ियों की तोड़फोड़ और कुछ गाड़ियों को आग लगाने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
चांसलर के दफ्तर में भी आग लगाए जाने की खबरें मिली हैं। फिलहाल माहौल को काबू में करने के लिए कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और छात्र इस हंगामे के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने में पुलिस की मदद कर रहे हैं।इस हंगामे के दौरान बहुत से छात्र, जो विभिन्न राज्यों से यहां पढ़ने आए हुए हैं, अपना सामान पैक करके घरों को वापस जा रहे हैं और कह रहे हैं कि जब माहौल शांत हो जाएगा तो वे वापस आ जाएंगे।


