फाजिल्का में उस समय हंगामा मच गया जब शहर के पांच प्राइवेट स्कूलों और कोर्ट कॉम्प्लेक्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली। बताया जा रहा है कि यह धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन ने तुरंत स्कूल खाली करा दिया और बच्चों की छुट्टी कर दी। स्कूल मैनेजमेंट ने पेरेंट्स को फोन करके अपने बच्चों को स्कूल से ले जाने को कहा।
इसके साथ ही मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। फाजिल्का के आत्मवल्लभ पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल मैडम संगीता टिन्ना ने बताया कि स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला है। उनके मुताबिक, यह ईमेल सुबह करीब 11:12 बजे मिला।
ईमेल मिलते ही स्कूल की छुट्टी कर दी गई और सभी पेरेंट्स को फोन करके अपने बच्चों को स्कूल से ले जाने को कहा गया। स्कूल मैनेजमेंट ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। फाजिल्का सिटी थाने के SHO इंस्पेक्टर परमजीत कुमार ने बताया कि फाजिल्का के करीब चार से पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
इसके बाद पुलिस ने एंटी-सैबोटेज टीम को भी बुलाया है।पुलिस की टीमें स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। फिलहाल, सभी स्कूलों को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर जांच जारी है।
इस बीच, फाजिल्का में कोर्ट कॉम्प्लेक्स को उड़ाने की धमकी भी मिली है। इंस्पेक्टर परमजीत कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।कोर्ट कॉम्प्लेक्स की जांच के लिए एक डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस पूरे इलाके की अच्छी तरह से जांच कर रही है।


