पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। मंगलवार को चंडीगढ़ में सिर्फ़ दो घंटे में 72.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसे इस मॉनसून सीज़न में अब तक की सबसे भारी बारिश माना जा रहा है। भारी बारिश के कारण चंडीगढ़ समेत पूरे ट्राईसिटी इलाके के कई हिस्सों में जलभराव हो गया।मौसम विभाग ने आज, 19 अगस्त को भी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
पंजाब के पठानकोट और होशियारपुर ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ में दिन भर बादल छाए रहने और बारिश होने की उम्मीद है। इसके अलावा, पंजाब के कई अन्य ज़िलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने 20 अगस्त से अगले पांच दिनों के लिए बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
इसके बावजूद, इस दौरान पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।बारिश के बावजूद पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को बठिंडा पंजाब का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज पठानकोट और होशियारपुर में कुछ जगहों पर गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस समय पंजाब और चंडीगढ़ के आसपास कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तरी हरियाणा और उससे सटे इलाकों में लगभग 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण (अपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना है। इसके अलावा, मॉनसून ट्रफ पंजाब के करीब से गुजर रही है। पंजाब और उससे सटे इलाकों में लगभग 5.8 किमी की ऊंचाई पर भी एक ऊपरी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।


