आज चंडीगढ़ के सेक्टर-42 में प्रॉपर्टी के विवाद के दौरान गोली लगने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वकील ने अपनी लाइसेंसी डबल-बैरल बंदूक से महिला को गोली मारी। मृतक महिला की पहचान राजिंदर कौर कौरा के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, वकील और महिला के परिवार के बीच एक घर को लेकर विवाद था
और कोर्ट के आदेश पर घर खाली कराने की कार्रवाई चल रही थी; महिला घर का कब्ज़ा लेने पहुंची थी। इसी दौरान, घर में रह रहे वकील जे.पी.एस. चड्ढा पर अपनी लाइसेंसी डबल-बैरल बंदूक से महिला को गोली मारने का आरोप है। गोली राजिंदर कौर के मुंह में लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घायल महिला को तुरंत पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस गोलीबारी से जुड़े हालात की भी जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


