भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी के रंग पर सियासी बवाल मचा है. हॉकी इंडिया ने भारतीय टीम की जर्सी के रंग को बदल दिया है. ‘मैन इन ब्लू’ कही जाने वाली टीम अब सैफ्रन रंग की जर्सी में दिखेगी. हॉकी इंडिया द्वारा नई जर्सी जारी किए जाने के बाद कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, सुखदेव भगत, राजद सांसद सुधाकर सिंह, समाजवादी पार्टी के नेता उदयवीर सिंह सहित कई नेताओं ने सवाल उठाए हैं।
संसद भवन के बाहर प्रियंका गांधी ने जर्सी बदलने को इतिहास बदलने की कोशिश बताया. उन्होंने यह भी कहा कि देश के युवाओं ने अपनी राय दे दी है. गांधी ने कहा- “चाहे वे यूनिफॉर्म बदलें या शिक्षा नीति के जरिए इतिहास को फिर से लिखने की कोशिश करें, वे कुछ भी करें, इस देश के युवाओं ने अपनी राय साफ कर दी है. आपने देखा कि जंतर-मंतर पर जमा युवा क्या कह रहे थे? वही देश की आवाज है।
भारत की आजादी की लड़ाई अहिंसा और सच्चाई पर आधारित थी, और इसमें RSS की कोई भूमिका नहीं थी. पूरा देश यह सच्चाई जानता है, और जो लोग नहीं जानते थे, वे भी अब उनके इरादों को समझने लगे हैं. कांग्रेस पार्टी ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में उस आंदोलन का संचालन किया था, और इस देश की आत्मा अहिंसा, सच्चाई और भाईचारे में बसी है…”इधर हॉकी जर्सी के भगवाकरण पर मचे बवाल के बीच हॉकी इंडिया ने सफाई दी है।
हॉकी इंडिया ने कहा- यूनिफॉर्म का रंग बदलने का फैसला सपोर्ट स्टाफ और खिलाड़ियों की सलाह और उनसे विस्तार से बातचीत के आधार पर लिया गया था. मुख्य वजह तकनीकी थी. देखा गया कि नीली प्लेइंग यूनिफॉर्म, नीली सिंथेटिक प्लेइंग सतह के साथ घुल-मिल जाती थी, जो अब इंटरनेशनल हॉकी पिचों का स्टैंडर्ड रंग है. इस एक जैसे दिखने की वजह से खिलाड़ियों को मैदान पर साफ-साफ देखने में दिक्कत होती थी।


