Tuesday, May 19, 2026

Google search engine
Homeपंजाबसीएम मान ने पैतृक गांव सतोज में अंडरग्राउंड बिजली के तार बिछाने...

सीएम मान ने पैतृक गांव सतोज में अंडरग्राउंड बिजली के तार बिछाने के प्रोजेक्ट की शुरुआत की

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने पैतृक गांव सतोज में अंडरग्राउंड बिजली के तार बिछाने के एक खास प्रोजेक्ट की शुरुआत की। इस मौके पर बड़ी संख्या में गांववाले, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इस दिन को पंजाब के इतिहास में “सुनहरे अक्षरों” में लिखा जाने वाला दिन बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ बिजली सप्लाई को बेहतर बनाने के लिए, बल्कि गांवों की सुरक्षा, सुंदरता और किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए भी महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि खेतों में बिजली के खंभों और ढीले तारों के कारण किसानों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कभी-कभी ट्रैक्टर, कंबाइन और खेती के उपकरण खंभों से टकरा जाते थे, जिससे नुकसान होता था। सीएम मान ने कहा कि सतोज में 41 km लंबी अंडरग्राउंड तार बिछाई जाएगी और इस प्रोजेक्ट पर करीब 8 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके तहत गांव से 382 से ज्यादा बिजली के खंभे हटाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस “सतौज मॉडल” को भविष्य में पंजाब के दूसरे गांवों में भी लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई टेक्नोलॉजी वाले फाइबर और डिजिटल तारों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिन पर बारिश, गर्मी या हवा का कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड तारों से ट्रांसमिशन लॉस कम होगा, फसलों में आग नहीं लगेगी और बिजली के झटके से होने वाली मौतें भी रुकेंगी। उन्होंने गांव के उन नौजवानों को भी याद किया जिनकी बिजली के ढीले तारों से हुए हादसों में मौत हो गई थी।

मान ने कहा कि यह प्रोजेक्ट उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा किए गए डिजिटल सुधारों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री, लाइसेंस और दूसरी सरकारी सेवाएं अब ऑनलाइन हो गई हैं, जिससे लोगों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। भगवंत मान ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री पर भी तीखे जुबानी हमले किए।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं और केंद्र सरकार लोगों के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद विदेश यात्राओं पर जाते है और अपने दोस्तों को भी साथ ले जाते हैं और उनका काम करवाकर लौट आते हैं। उन्होंने कोई हिसाब नहीं दिया कि उन्होंने विदेश में क्या इन्वेस्टमेंट किया है और इससे देश को कितना फायदा होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण के दौरान “जगत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट 2026” का भी ज़िक्र किया और कहा कि यह कानून गुरु साहिब की बेअदबी को रोकने के लिए बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस कानून का विरोध वे लोग कर रहे हैं जो पुराने सिस्टम का फ़ायदा उठाते आ रहे हैं। कार्यक्रम के आखिर में मुख्यमंत्री ने गांव वालों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि सतोज गांव ने उन्हें गर्व दिया है और वह हमेशा गांव की तरक्की के लिए काम करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments