Saturday, May 9, 2026

Google search engine
Homeनेशनलपश्चिम बंगाल को मिला नया मुख्यमंत्री,शुभेंदु अधिकारी ने ली शपथ

पश्चिम बंगाल को मिला नया मुख्यमंत्री,शुभेंदु अधिकारी ने ली शपथ

शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को शपथ ली. इसी के साथ राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनी. शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने वाले भाजपा के पहले नेता हैं. राज्यपाल आर. एन. रवि ने यहां ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

.इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे. शुभेंदु अधिकारी के शपथ लेने के तुरंत बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष ने नई मंत्रिपरिषद में मंत्री के रूप में शपथ ली. भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और क्षुदिराम टुडू को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई।

भाजपा ने शपथग्रहण समारोह के लिए ब्रिगेड परेड मैदान को चुना, जो कभी वाम दलों की विशाल रैलियों का गढ़ था और बाद में तृणमूल कांग्रेस के लिए भी एक प्रमुख राजनीतिक मैदान रहा. पश्चिम बंगाल में भाजपा के उदय के प्रमुख शिल्पकारों में शामिल शुभेंदु अधिकारी ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शपथ ली. इस दौरान भाजपा के हजारों समर्थक समारोह स्थल पर पहुंचे. उन्होंने भगवा झंडे लहराए और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए।

भाजपा ने हाल में हुए चुनाव में 294 सदस्यीय विधानसभा में 207 सीट हासिल कीं. इसके साथ ही राज्य में तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत हो गया और पूर्वी भारत में भाजपा ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी सफलता दर्ज की. इस समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता, सांसद, उद्योगपति और फिल्म जगत की हस्तियां शामिल हुईं. अधिकारी ने विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट पर तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी को हराया और नंदीग्राम सीट भी बरकरार रखी. उन्हें शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments