अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सही रास्ते पर जाने की बजाय और उलझती जा रही है। ईरान की तरफ से बातचीत का नया प्रस्ताव भेजे जाने के कुछ ही घंटों बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले को लेकर पूछे गए सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया। वॉशिंगटन में रिपोर्टर्स ने जब ट्रंप से पूछा कि क्या अमेरिका ईरान पर फिर हमला करेगा तो उन्होंने सीधा जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको यह क्यों बताऊंगा?’ और बात वहीं खत्म कर दी।
ट्रंप ने इससे पहले साफ कहा था कि वह ईरान के नए बातचीत के प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना था कि ईरान की लीडरशिप के अंदर ही मतभेद हैं, जिससे बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है. उन्होंने बताया कि बातचीत चल रही है, लेकिन लगातार एक जैसी नहीं रहती. कभी बात आगे बढ़ती है तो कभी नए लोग आकर बात को बदल देते हैं।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के सामने दो ही रास्ते हैं. या तो पूरी ताकत से कार्रवाई की जाए या फिर समझौता करने की कोशिश की जाए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह पहला रास्ता नहीं अपनाना चाहेंगे, यानी सीधी बड़ी कार्रवाई से बचना चाहते हैं. ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान ऐसी मांगें कर रहा है, जिनसे वह सहमत नहीं हो सकते. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि वे मांगें क्या हैं।


