पंजाब के कमल कौर मर्डर केस में आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मेहरो पर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या का आरोप है। मेहरो को संयुक्त अरब अमीरात में हिरासत में लिया गया।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उसे डिपोर्टेशन नियमों के तहत पंजाब वापस लाया गया। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग के OFTEC सेल के जरिए उसकी गिरफ्तारी हुई।बता दें कि कमल कौर की बॉडी 11 जून, 2025 को बठिंडा के एक अस्पताल के पार्किंग में मिली थी। पोस्टमॉर्टम में कौर की हत्या गला घोंटकर करने की बात सामने आई।
मेहरो के तीन साथी जसप्रीत सिंह, निमरतजीत सिंह और रंजीत सिंह भी मर्डर में शामिल थे, जिन्हें पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। इस हत्या के बाद, मेहरो दुबई भाग गया था और काफी समय से वहीं रह रहा था। बीते 7 फरवरी को बठिंडा कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। कोर्ट के फैसले के बाद पंजाब पुलिस ने इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था।


