पंजाबी गायक जसकरण सिंह ने अपनी प्रतिभा और संगीत के प्रति अपने जुनून से भाषाई और सांस्कृतिक सीमाओं को पार करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। 26 वर्षीय जसकरण ने 70वें फिल्मफेयर अवार्ड्स साउथ में ‘बेस्ट प्लेबैक सिंगर (मेल) कन्नड़’ का पुरस्कार जीतकर पंजाब का नाम रोशन किया है।
उन्हें यह सम्मान कन्नड़ फिल्म “कृष्णम प्रणय सखी” के मशहूर गाने “द्वापारा” के लिए मिला है।इस पुरस्कार को उनके संगीत करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है। जब जसकरण पुरस्कार जीतने के बाद लुधियाना लौटे, तो उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि यह सफलता एक दिन में नहीं मिली, बल्कि यह वर्षों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का नतीजा है।
लगभग आठ साल पहले, उन्होंने तमिल रियलिटी शो “ज़ी तमिल सा रे गा मा पा” में हिस्सा लिया था, जहां टॉप-4 में पहुंचकर वे लोगों की नज़र में आए। इसके बाद, उन्होंने दक्षिण भारत के संगीत क्षेत्र में लगातार काम करना जारी रखा।जसकरण ने भाषा को कभी बाधा नहीं बनने दिया।
उन्होंने 2022 में तेलुगू गायन मंच पर और 2023 में कन्नड़ मंच पर भी अपनी प्रतिभा साबित की। पंजाबी होने के बावजूद, उनके शुद्ध उच्चारण और समर्पण ने दक्षिण के दर्शकों को प्रभावित किया। अपनी जीत के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब उन्हें नामांकन की खबर मिली, तो वे कुछ देर के लिए चुप रह गए।


