मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह अपने नए हरियाणवी गाने ‘टट्टीरी’ की वजह से बड़े विवाद में फंस गए हैं। हरियाणा पुलिस ने बादशाह के खिलाफ गाने में अश्लील भाषा का इस्तेमाल करने और आपत्तिजनक सीन फिल्माने के आरोप में FIR दर्ज की है। इसके साथ ही हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी सख्त रुख अपनाते हुए सिंगर को तलब किया है।
वहीं, अश्लीलता और महिलाओं की इज्जत को ठेस पहुंचाने के आरोपों के बाद यूट्यूब ने भी इस गाने को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। यह केस पंचकूला के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में पंचकूला के रहने वाले एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है। बादशाह के खिलाफ ‘इंडीसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट, 1986’ के सेक्शन 3 और 4 और BNS के सेक्शन 296 (अश्लील हरकतें और गाने) के तहत केस दर्ज किया गया है।
शिकायत करने वाले के मुताबिक, गाने के वीडियो में ‘पाठशाला’ शब्द को तोड़-मरोड़कर ‘बादशाला’ लिखा गया है और लड़कियों को आपत्तिजनक तरीके से स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाया गया है। शिकायत में कहा गया है कि स्कूल जैसी पवित्र जगह को इस तरह से दिखाने से बच्चों के दिमाग पर बुरा असर पड़ेगा और महिलाओं के खिलाफ क्राइम को बढ़ावा मिलेगा।
हरियाणा स्टेट विमेंस कमीशन ने भी मामले का संज्ञान लिया है। कमीशन की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने के लिए समन जारी किया है ताकि वह गाने में इस्तेमाल किए गए अश्लील शब्दों और सीन के बारे में सफाई दे सकें। दूसरी ओर, हरियाणा के एजुकेशन मिनिस्टर महिपाल ढांडा ने भी इसकी निंदा की और कहा कि हमारी संस्कृति को इस तरह से दिखाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वीडियो में हरियाणा रोडवेज बस के इस्तेमाल को लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित डिपो के ड्राइवर-कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाद बढ़ने के बाद यह गाना अब बादशाह के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध नहीं है।


