पंजाब के जालंधर में आदमपुर एयरबेस पर जल्द ही रनवे की मुरम्मत का काम शुरू होने वाला है, जिसके कारण यह एयरपोर्ट करीब 8 महीने तक बंद रह सकता है। यहां से सफर करने वाले यात्रियों पर इसका सीधा असर पड़ेगा। जानकारी के अनुसार, आदमपुर एयरबेस पर यह काम नवंबर के बाद शुरू किया जाएगा।
हालांकि बंद होने की अवधि लंबी हो सकती है, लेकिन यह काम मिलिट्री स्टैंडर्ड के हिसाब से रनवे को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। इस एयरपोर्ट का इस्तेमाल सिविल और मिलिट्री दोनों तरह की उड़ानों के लिए किया जाता है, जिसके कारण इसका रणनीतिक महत्व भी बहुत अधिक है।
सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट पर काम शुरू होगा, जहां 29 मार्च से 27 अप्रैल तक करीब एक महीने तक सभी सिविल उड़ानें बंद रहेंगी। इसके कारण इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइंस ने 28 मार्च के बाद की बुकिंग पहले ही बंद कर दी है। श्रीनगर एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को परेशानी होगी। अगस्त से अक्तूबर के बीच हर वीकेंड पर यहां उड़ानें बंद रहेंगी।
इसके अलावा 16 अक्तूबर से 5 नवंबर तक 21 दिनों के लिए पूरा एयरपोर्ट बंद रहेगा। पुणे एयरपोर्ट की बात करें तो इस साल के आखिर में रेनोवेशन के कारण यहां भी फ्लाइट्स पर असर पड़ने की संभावना है, हालांकि इसका पूरा शेड्यूल अभी जारी नहीं किया गया है।


