डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम के लिए राहत की खबर आई है। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति मर्डर केस में एक अहम फैसला सुनाते हुए पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को आरोपों से बरी कर दिया है। यह फैसला पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस शील नागू और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की बेंच ने सुनाया।
गौरतलब है कि इस मामले में स्पेशल CBI कोर्ट ने पहले डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 11 जनवरी, 2019 को कोर्ट ने उन्हें दोषी करार दिया था और 17 जनवरी, 2019 को सजा का ऐलान किया था। इसके बाद डेरा प्रमुख और
दूसरे सह-आरोपियों ने स्पेशल CBI कोर्ट के फैसले को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने इस मामले में अपील पर सुनवाई पूरी करने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। अब हाई कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए डेरा प्रमुख को आरोपों से बरी कर दिया है, जिससे इस चर्चित मामले में नया मोड़ आ गया है।


