टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही विवादों का अखाड़ा बन चुका है।अब इस पूरे मामले में सबसे बड़ा ट्विस्ट सामने आया है। अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट से हटने का फैसला करता है, तो इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) बांग्लादेश को दोबारा एंट्री देने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान की जगह बांग्लादेश को ग्रुप ए में शामिल किया जा सकता है और उसे अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने की अनुमति मिलेगी।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक साफ नहीं किया है कि वह टी20 वर्ल्ड कप खेलेगा या नहीं। पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात के बाद कह चुके हैं कि अंतिम फैसला शुक्रवार या अगले सोमवार तक लिया जाएगा। इसी अनिश्चितता को देखते हुए ICC ने बैकअप प्लान तैयार कर लिया है, ताकि टूर्नामेंट के शेड्यूल पर किसी तरह की दिक्कत न आए।
बांग्लादेश को पहले भारत में मैच खेलने से इनकार करने के चलते टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।अब अगर पाकिस्तान हटता है, तो ICC बांग्लादेश को दोबारा मौका दे सकता है। खास बात यह है कि इस स्थिति में बांग्लादेश अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा, जो उसकी पहले से चली आ रही मांग भी रही है। इससे ICC यह संदेश भी देगा कि वह किसी दबाव में नहीं झुका, बल्कि हालात के मुताबिक समाधान निकाला।
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान के सामने कई विकल्प रखे गए है। इनमें पूरा टूर्नामेंट न खेलने के अलावा 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले का बहिष्कार भी शामिल है। अगर पाकिस्तान ऐसा करता है, तो यह टूर्नामेंट के लिहाज से बड़ा झटका होगा, क्योंकि भारत-पाक मैच सबसे ज्यादा दर्शक और कमाई वाला मुकाबला माना जाता है।



