अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में एक पारिवारिक विवाद से जुड़ी गोलीबारी की घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है. यह घटना शुक्रवार (23 जनवरी 2026) की तड़के लॉरेंसविल शहर में हुई, जहां एक ही घर के अंदर चार लोगों को गोली मार दी गई. घटना के समय घर में तीन बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह जान बचाने में सफल रहे।
PTI की रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 2:30 बजे पुलिस को ब्रुक आइवी कोर्ट इलाके में फायरिंग की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने घर के अंदर चार वयस्कों के शव बरामद किए, जिन सभी की गोली लगने से मौत हो चुकी थी. मृतकों में एक भारतीय मूल की महिला भी शामिल है।अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि यह घटना कथित तौर पर पारिवारिक विवाद से जुड़ी है और इसमें एक भारतीय नागरिक की जान गई है. दूतावास ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दी जा रही है।
आरोपी की पहचान और आरोपपुलिस ने आरोपी की पहचान अटलांटा निवासी 51 वर्षीय विजय कुमार के रूप में की है. पुलिस के अनुसार, मृतकों में विजय कुमार की पत्नी मीमू डोगरा (43), गौरव कुमार (33), निधि चंदर (37) और हरिश चंदर (38) शामिल हैं. विजय कुमार पर चार लोगों की हत्या, गंभीर हमला और बच्चों के प्रति क्रूरता सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है।



