जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में ड्यूटी के दौरान एक भयानक सड़क हादसे में भारतीय सेना के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब भारतीय सेना का एक वाहन भद्रवाह से खनाई टॉप की ओर जा रहा था। पहाड़ी इलाके में वाहन अचानक बेकाबू होकर लगभग 200 फुट की गहरी खाई में गिर गया।
इस दर्दनाक हादसे में शहीद होने वाले जवानों में पंजाब के ब्लॉक नूरपुर बेदी के गांव चनौली निवासी 23 वर्षीय जवान जॉबनप्रीत सिंह भी शामिल हैं। जॉबनप्रीत सिंह पूर्व सैनिक बलवीर सिंह के इकलौते पुत्र थे। वे सितंबर 2019 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और 8 कैवलरी, आर्म्ड यूनिट (4 आरआर) में तैनात थे।शहीद जवान की शादी की तारीख अगला 1 मार्च निर्धारित थी।
परिवार ने शादी की सारी तैयारियां पूरी कर ली थीं और खरीदारी भी कर ली थी। लेकिन शादी से पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया। शहादत की खबर मिलते ही गांव चनौली, नूरपुर बेदी और आस-पास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।
शहीद जवान के पिता बलवीर सिंह ने मीडिया से बात करते हुए भावुक होकर बताया कि उनके पुत्र से आखिरी बार दो दिन पहले बात हुई थी। पुत्र ने फोन पर कहा था कि वह एक ऑपरेशन पर जा रहा है और वापस आकर बात करेगा। इसके बाद उन्हें यह दुखदायी खबर मिली कि उनका पुत्र शहीद हो गया।


