नए साल पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भवन और रास्तों पर पैर रखने की भी जगह नहीं बची है। इस कारण श्रद्धालुओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन के लिए व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाना एक बड़ी चुनौती बन गया है।
इस स्थिति को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। बोर्ड ने भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए माता वैष्णो देवी यात्रा की रजिस्ट्रेशन को आज सुबह (1 जनवरी) तक के लिए स्थगित कर दिया है।
श्राइन बोर्ड द्वारा यह कदम श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखकर उठाया गया है। प्रबंधकों का कहना है कि भीड़ अधिक होने के कारण किसी भी तरह की अनहोनी घटना को रोकने के लिए रजिस्ट्रेशन रोकना जरूरी था। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे स्थिति को देखते हुए सहयोग करें।


