पंजाब अति-आधुनिक निर्माण और नवीनता के लिए एक पसंदीदा स्थान के रूप में उभर रहा है। अंबर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज ने राजपुरा में 500 करोड़ रुपये के निवेश के साथ अति-आधुनिक अनुसंधान एवं विकास केंद्र की स्थापना के माध्यम से एक बड़े विस्तार की घोषणा की है।
इस बड़े निवेश का स्वागत करते हुए उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन, बिजली तथा प्रवासी भारतीय मामलों के कैबिनेट मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि राजपुरा में 500 करोड़ रुपये के निवेश से एक बड़े पैमाने पर अनुसंधान एवं विकास केंद्र स्थापित करने का अंबर ग्रुप का निर्णय पंजाब की प्रगतिशील औद्योगिक नीतियों, कुशल श्रमिकों तथा निवेशक-अनुकूल वातावरण प्रणाली का मजबूत समर्थन करता है।
इस परियोजना से लगभग 1,000 उच्च-गुणवत्ता वाली तथा अच्छी तनख्वाह वाली नई रोजगार अवसरों का सृजन हो सकेगा और उन्नत इंजीनियरिंग तथा उत्पाद डिजाइन के क्षेत्र में पंजाब की स्थिति को महत्वपूर्ण रूप से मजबूती मिलेगी। अंबर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज एक अग्रणी निर्माण समूह है जिसमें भारत तथा विदेशों में 33 निर्माण सुविधाएं तथा 12 विक्रय कार्यालय हैं,
जिनका वार्षिक राजस्व लगभग 10,000 करोड़ रुपये है तथा बाजार पूंजीकरण लगभग 27,000 करोड़ रुपये है। यह समूह पीसीबी, एयर कंडीशनर, पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, एचवीएसी सिस्टम, रेलवे, रक्षा, बसें तथा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के लिए सटीक कूलिंग समाधान सहित अनेक प्रमुख क्षेत्रों में सक्रिय है।


