पहले दिल्ली , फिर अमृतसर और जालंधर के स्कूल में बम की धमकी के बाद लोगों में डर का माहौल है। जालंधर में आज कई प्राइवेट स्कूलों में सोमवार सुबह बम की धमकी वाले मैसेज मिलने से दहशत फैल गई। इस खबर के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और एहतियात के तौर पर स्कूल समेत कई कैंपस खाली करा लिए।
आपको बता दें कि जिन स्कूलों को धमकी मिली है उनमें KMV स्कूल, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, IVY वर्ल्ड स्कूल और शिव ज्योति स्कूल शामिल है। मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और स्टूडेंट्स और स्टाफ की सेफ्टी के लिए बम डिस्पोजल स्क्वॉड के साथ सख्त सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।ACP नॉर्थ संजय कुमार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल एडमिनिस्ट्रेशन को सुबह एक धमकी भरा ईमेल मिला था।
इसमें स्कूल में बम धमाके की चेतावनी दी गई थी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए मोर्चा संभाला और सिक्योरिटी चेकिंग शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि हालात काबू में है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।बम की खबर फैलते ही पेरेंट्स में डर का माहौल बन गया और वे अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंच गए।
अभिभावकों ने बताया कि स्कूल मैनेजमेंट ने उन्हें मैसेज भेजा था कि छुट्टी की वजह ‘रिपेयर वर्क’ है। शायद भगदड़ से बचने के लिए उन्हें उस समय धमकी के बारे में नहीं बताया गया था।अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में अमृतसर के स्कूलों में भी इसी तरह के धमकी भरे कॉल आए थे, जो बाद में सिर्फ एक अफवाह निकली। पुलिस को शक है कि यह मामला भी ऐसा ही हो सकता है, लेकिन सिक्योरिटी में कोई ढील नहीं दी जा रही है।


